

बूथ लेवल अधिकारी अब 3 अगस्त तक घर-घर जाकर भरेंगे गणना फॉर्म
जालंधर : भारत चुनाव आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) संबंधी चल रही प्रक्रिया के संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया गया है।डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने इस संबंधी अधिक जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार बूथ लेवल अधिकारी अब 3 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरेंगे।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट वोटर सूची की प्रकाशना 13 अगस्त 2026 को होगी और वोटर सूचियों संबंधी दावे व आपत्तियां 13 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नोटिस चरण/दावों व आपत्तियों का निपटारा 13 अगस्त 2026 से 8 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा। आगे उन्होंने बताया कि अंतिम वोटर सूचियों की प्रकाशना 12 अक्तूबर 2026 को की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के समस्त मतदाताओं से वोटर सूचियों की शुद्धि के लिए चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) में बी.एल.ओ. को पूरा सहयोग देने की अपील की है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति वोटर सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वोटर सूचियों में सभी विवरण सही दर्ज करवाए जाएं, ताकि त्रुटिरहित वोटर सूचियां तैयार की जा सकें।