

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (17 जुलाई) को पंजाब के जालंधर में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार, कांग्रेस और अकाली दल पर जमकर निशाना साधा. पीएम ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था खराब है, किसानों और महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए और राज्य सरकार कर्ज के पैसों से काम चला रही है. उन्होंने दावा किया कि पंजाब के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है. इससे पहले पीएम ने चंडीगढ़ और जालंधर में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.
PM मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें-
1. पीएम ने कहा कि पंजाब में AAP की सरकार कर्ज लेकर काम चला रही है और विकास रुक गया है.
2. उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगवार, गोलीबारी और नशे की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे कारोबार करना मुश्किल हो गया है.
3. पीएम ने आरोप लगाया कि पंजाब के किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए, जबकि हरियाणा में किसानों को ज्यादा सुविधाएं मिल रही हैं.
4. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुर्सी की लड़ाई में उलझी है और अकाली दल भी अपनी परेशानियों से बाहर नहीं निकल पा रहा.
5.पीएम ने कहा कि पंजाब के युवाओं में बड़ी क्षमता है और उन्हें खेलों व नए अवसरों से जुड़ना चाहिए.
6. उन्होंने कहा कि देशभर में 1300 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है और जालंधर स्टेशन भी नई पहचान के साथ तैयार हो रहा है.
7. पीएम ने बताया कि आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास महाराज और मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है.
8. उन्होंने चंडीगढ़ और जालंधर में करीब 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
9. पीएम ने कहा कि राज्य के तेज विकास के लिए केंद्र और राज्य में एक जैसी सरकार होना जरूरी है.
10. अपने भाषण के आखिर में पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी और राज्य को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी.