

जालंधर : कांग्रेस नेता एवं पंजाब ब्राह्मण वेलफेयर बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर रविश राज शर्मा ने पंजाब सरकार द्वारा 40 कॉलेजों में ‘संगत’ (SANGAT) मेंटल हेल्थ क्लब शुरू करने के फैसले को राजनीतिक स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की मानसिक सेहत जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। आज के दौर में बच्चे पढ़ाई के दबाव, मानसिक तनाव और भावनात्मक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकार सबसे पहले स्कूलों और कॉलेजों में तुरंत प्रशिक्षित काउंसलर नियुक्त करे। ताकि बच्चों की समस्याओं को समय रहते समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और सहायता दी जा सके।
रविश राज ने कहा कि उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में बच्चों की मानसिक सेहत की देखभाल के लिए काउंसलरों की भर्ती करने की मांग को लेकर पंजाब सरकार को नोटिस भेजा था। इसके जवाब में सरकार ने 40 कॉलेजों में ‘संगत’ मेंटल हेल्थ क्लब शुरू करने का फैसला लिया है, लेकिन केवल क्लब स्थापित कर देने से बच्चों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बच्चों को व्यक्तिगत स्तर पर मानसिक और भावनात्मक सहयोग की जरूरत है, तो सरकार नियमित रूप से उपलब्ध प्रशिक्षित काउंसलरों की नियुक्ति से क्यों पीछे हट रही है?
रविश राज ने कहा कि बच्चों की मानसिक सेहत एक संवेदनशील विषय है, जिस पर राजनीतिक नहीं होनी चाहिए। सरकार को चाहिए कि वह स्कूलों और कॉलेजों में योग्य काउंसलरों की तत्काल भर्ती करे और ऐसी व्यवस्था बनाए, जहां बच्चे बिना किसी झिझक या सामाजिक दबाव के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।