

जालंधर : कांग्रेस भवन जालंधर में देश के प्रथम प्रधानमंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं दूरदर्शी नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला शहरी कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी एवं कार्यकताओं ने पंडित नेहरू जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन, संघर्ष और देश के प्रति दिए गए योगदान को याद किया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश की आजादी और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। महात्मा गांधी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इस दौरान कई बार जेल भी गए।
देश की आजादी के बाद पंडित नेहरू जी ने प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने तथा सभी धर्मों और जातियों को साथ लेकर चलने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पंडित नेहरू जी को बच्चों से विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे। उनका मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं। इसी कारण उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। वह चाहते थे कि प्रत्येक बच्चे को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, प्यार और सुरक्षित वातावरण मिले।
शिक्षा, विज्ञान, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में देश को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए। आईआईटी, एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों, बड़े बांधों, कारखानों और वैज्ञानिक संस्थाओं के विकास में उनके दूरदर्शी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका सपना आधुनिक, खुशहाल और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना था।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि बच्चों को मोबाइल फोन और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर किताबों, खेलों और अच्छे संस्कारों की ओर प्रेरित करेंगे। बच्चों का सम्मान करेंगे, उनकी बात सुनेंगे और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करेंगे।