जालंधर : भाजपा वेस्ट के मंडल 10 के दस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जिला प्रधान सुशील शर्मा के नाम एक पत्र लिखकर अपना त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने भाजपा जिला प्रधान से कहा है कि हम मंडल 10 जालंधर वेस्ट से भाजपा कार्यकर्ता हैं, जो पिछले काफी वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे हैं आज आपकी कार्यकर्ताओं के प्रति गलत नीतियों से दुखी होकर पार्टी से बाहर जा रहे हैं। आज के बाद हमारा भारतीय जनता पार्टी के साथ कोई संबंध नहीं रहेगा। हम अपनी आजाद सोच के साथ जिस चाहे राजनीतिक पार्टी में शामिल हो सकते हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा कहा गया है कि पहले की तरह भाजपा की रीति नीति और सिद्धांत के साथ कार्यकर्ताओं के सम्मान देने की जो परंपरा थी, वह अब समाप्त हो चुकी है। कार्यकर्ताओं ने यह ऐलान भी किया है की उनके पार्टी से इस्तीफा देने के बाद आने वाले नगर निगम चुनावों में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। इनमें भाजपा मंडल 10 के कार्यकर्ता पप्पू पंडित पप्पू पंडित, साहिल भगत, राय कुमार भगत, जितेंद्र वर्मा, दीपक सिंह राठौर, सुनील कुमार दीपक भगत विंकल कुमार, इशिमंदर कुमार एवं सुखदेव सिंह उपस्थित थे।







