

Jalndhar : बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जिले के विभिन्न वर्गों के लोग लगातार आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में आज पंजाब नेशनल बैंक के जालंधर सर्कल के अधिकारियों ने डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल को मुख्यमंत्री रंगला पंजाब फंड के लिए 2.11 लाख रुपये का चेक सौंपा।यह चेक सर्कल हेड जालंधर अमित दत्ता, डिप्टी सर्कल हेड राजीव वर्मा, प्रधान राजेश क्रिच और सचिव ए.आई.पी.एन.बी.ओ.ए. जालंधर मनीष कुमार ने जालंधर सर्कल के सभी पी.एन.बी. अधिकारियों की ओर से डिप्टी कमिश्नर को भेंट किया।डिप्टी कमिश्नर ने मानवता की भलाई के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ की प्राकृतिक आपदा के दौरान कई लोग बेघर हो गए है, जिनके रहने-सहने सहित अन्य जरूरतों के लिए सहयोग करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही सामाजिक संस्थाएं और दानवीर लोग भी अपना योगदान दे रहे है।डा.अग्रवाल ने कहा कि पी.एन.बी. के इस प्रयास से बाढ़ पीड़ितों के लिए चल रहे राहत कार्यों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह योगदान अन्य सामाजिक संस्थाओं और दानवीर लोगों को भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने अन्य दानवीर लोगों से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
