


जालंधर : 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनज़र, जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर पूरे ज़िले में सुरक्षा प्रबंधों को और कड़ा कर दिया गया है। जानकारी देते हुए एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर नरेंद्र सिंह, डीएसपी सब-डिवीजन करतारपुर; ओंकार सिंह बराड़, डीएसपी सब-डिवीजन नकोदर; भारत मसीह लधड़, डीएसपी सब-डिवीजन फिल्लौर; सुखपाल सिंह, डीएसपी सब-डिवीजन शाहकोट; तथा राजीव कुमार, डीएसपी सब-डिवीजन आदमपुर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में फ्लैग मार्च आयोजित किए गए। यह फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों, रिहायशी इलाकों, संवेदनशील स्थानों एवं संदिग्ध क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस कर्मियों द्वारा आम जनता से संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें सुरक्षा प्रबंधों के प्रति आश्वस्त किया गया। समाज विरोधी तत्वों को यह स्पष्ट एवं सख्त संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, समाज विरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना तथा यह सुनिश्चित करना था कि गणतंत्र दिवस शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाया जा सके।जालंधर देहात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

