


जालंधर : जिला शहरी कांग्रेस कमेटी वाइस प्रेजिडेंट नॉर्थ हल्का इंचार्ज वार्ड 81 गुलशन सोढ़ी ने केंद्रीय बजट को लेकर मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस बजट में पंजाब के साथ एक बार फिर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया है। बजट में न तो पंजाब के लिए कोई विशेष पैकेज है और न ही राज्य की जमीनी जरूरतों-किसान, युवा, मजदूर और मध्यम वर्ग को कोई ठोस राहत दी गई है। पंजाब एक कृषि-प्रधान और सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद बजट में उसकी सुरक्षा,अर्थव्यवस्था, उद्योग और रोजगार से जुड़े मुद्दों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, कृषि लागत कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने जैसे अहम मुद्दों पर बजट पूरी तरह खामोश रहा। सोढ़ी ने आरोप लगाते हुए कहा कि बजट में महंगाई नियंत्रण और रोजगार सृजन के लिए भी कोई प्रभावी रोडमैप नहीं है। युवाओं के लिए नई नौकरियों, छोटे कारोबारियों और मध्यम वर्ग को राहत देने की घोषणाएं केवल कागजी साबित हुई हैं।सोढ़ी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह पंजाब के लिए विशेष आर्थिक पैकेज, किसानों के हित में ठोस फैसले और युवाओं के लिए रोजगार योजनाओं की तुरंत घोषणा करे, ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके

