


चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी अपनी ही कांग्रेस पार्टी के नेताओं से काफी आहत हैं। उन्होंने कांग्रेस की भरी मीटिंग में राजनीति छोड़ने तक की धमकी दे डाली। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि -मुझ पर तरह तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, मुझे टारगेट किया जा रहा है, इससे बढ़िया तो मैं घर बैठ जाता हूं। चन्नी के इस ऐलान के बाद कांग्रेसी नेता सकते में आ गए हैं।पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पार्टी की एक अहम बैठक में खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए यहां तक कह दिया कि अगर उन पर इसी तरह आरोप लगाए जाते रहे तो वह राजनीति छोड़कर घर बैठना बेहतर समझेंगे। उनके इस बयान से बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं में हड़कंप मच गया।चरणजीत सिंह चन्नी के इस रवैये से पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल समेत सीनियर नेता सकते में आ गए। चन्नी ने पार्टी नेताओं को साफ कर दिया कि वो जो भी कर रहे, पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह बैठक पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आने वाले चुनावों की रणनीति को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा समेत सभी विधायक, सांसद और जिले स्तर के नेता मौजूद थे।

