


जालंधर : अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते वार्ड नंबर 80 के आप पार्षद अश्वनी अग्रवाल का कहना है कि नशे के नेटवर्क पर मान सरकार ने अब सीधा वार कर दिया है। ‘सूरमा अभियान’ के जरिए नशे पर अब सर्जिकल स्ट्राइक की जाएगी जो केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने की निर्णायक लड़ाई है। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ के बाद यह तीसरा ऐसा अभियान है, जो उन ताकतों की कमर तोड़ेगा जिन्होंने वर्षों तक युवाओं को नशे की आग में झोंका।उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत नशे की लत को पूरी तरह छोड़ चुके युवाओं को गांवों और शहरी वार्डों में ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनाया जाएगा। ये युवा न केवल नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं से सीधा संवाद करेंगे, बल्कि अपनी संघर्ष गाथा साझा कर उन्हें यह विश्वास भी दिलाएंगे कि नशे से बाहर निकलना संभव है। अग्रवाल ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग केवल पुलिस या कानून तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए समाज की भागीदारी, प्रेरणा और जीवंत उदाहरणों की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ सरकार ने ‘सूरमा अभियान’ को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाने की ठोस योजना तैयार की है।उन्होंने कहा कि जब नशे से बाहर निकला युवा खुद आगे आकर किसी और की जिंदगी बदलने का माध्यम बनेगा, तो इसका असर कहीं अधिक गहरा और स्थायी होगा। ‘सूरमा अभियान’ नशामुक्त पंजाब की दिशा में चल रही मुहिम को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा।

