
जालंधर : अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निविया ग्राउंड में स्थानीय नगरवासियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों ने ग्राउंड में जमा कूड़े-कचरे और उससे हो रही परेशानियों को विस्तार से रखा।अश्वनी अग्रवाल ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मौके का दौरा कर ग्राउंड का निरीक्षण किया और संबंधित नगर निगम अधिकारियों को बिना देरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनकी पहल पर उसी दिन से निविया ग्राउंड की सफाई का कार्य शुरू करवा दिया गया।अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। निविया ग्राउंड की सफाई को अब प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया गया है। मेरा प्रयास रहेगा कि ग्राउंड को जल्द से जल्द पूरी तरह साफ-सुथरा बनाकर लोगों के उपयोग के योग्य किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि वे हर काम पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ करते हैं तथा क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सफाई कार्य पूरा होने के बाद लोग जल्द ही सुबह-शाम यहां सैर कर सकेंगे।
अश्वनी अग्रवाल की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही निविया ग्राउंड की सफाई के बाद अब यह स्थान लोगों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करेगा।