

जालंधर : जनता की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट जालंधर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में “जिला स्तरीय समाधान कैंप” आयोजित किया गया। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर (IPS) की अगुवाई में लगाए गए इस मेगा कैंप में करीब 300 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
कैंप के दौरान लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान निकालने के लिए सब-डिवीजन वाइज हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का आपसी सहमति व कानूनी प्रक्रिया के तहत समाधान किया गया।
इस कैंप की निगरानी ADCP/HQ सुखविंदर सिंह (PPS), ACP-North अश्लेष मीना (IPS), ACP/Central गनेश ठाकुर (PPS) और ACP/MT अलमेघ सिंह (PPS) द्वारा की गई। वहीं थाना डिवीजन नंबर 1, 6, 7, 8, रामा मंडी, साइबर क्राइम थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के SHO और जांच अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि जनता की सुविधा के लिए पहले से ही हर शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी थानों में समाधान कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि छोटे-मोटे विवादों और लंबित शिकायतों का समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य लंबित शिकायतों के बैकलॉग को कम करना, लोगों को समय पर न्याय दिलाना और पुलिस व आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकें