

जालंधर : डेरा सचखंड बल्लां के आध्यात्मिक प्रमुख संत निरंजन दास जी को भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किए जाने पर अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में उन्हें पद्मश्री सम्मान प्रदान किया जाना न केवल रविदासिया समाज बल्कि पूरे पंजाब और देश के लिए गर्व एवं सम्मान की बात है। यह सम्मान संत श्री निरंजन दास जी द्वारा आध्यात्मिक चेतना, मानव कल्याण और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने हेतु किए गए उल्लेखनीय कार्यों का सम्मान है।
अग्रवाल ने कहा कि अध्यात्म एवं मानवता की सेवा के क्षेत्र में संत श्री निरंजन दास जी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है । उनके मार्गदर्शन में समाज में भाईचारे, समानता, सामाजिक सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश निरंतर फैल रहा है। उन्होंने लाखों लोगों को मानवता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि संत श्री निरंजन दास जी को मिला यह सम्मान उनके दशकों के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं मानव कल्याण के कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर हुई सराहना है। यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को भी समाज सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करेगा।अश्वनी अग्रवाल ने संत श्री निरंजन दास जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज को आगे भी नई दिशा प्रदान करता रहेगा।