

जालंधर: श्री सिद्ध बाबा बालकनाथ मंदिर, गुरुनानकपुरा ईस्ट, गली नंबर-2 में सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर भोले बाबा के भव्य श्रृंगार एवं विशेष आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभु भक्तों द्वारा भोले बाबा का दिव्य एवं मनमोहक शृंगार किया गया। कार्यक्रम के दौरान रसिक मुकुल घई द्वारा भक्तिमय संकीर्तन प्रस्तुत किया गया,जिससे पूरा मंदिर परिसर भोले बाबा की भक्ति में सराबोर हो गया। श्रृंगार सेवा नवीन खुराना एवं उनके साथियों द्वारा श्रद्धापूर्वक निभाई गई।
इस अवसर पर विशेष रूप से शिव आराधना, एवं 108 नाम जाप माला का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में हर तरफ हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। इस मौके पर केतन बजाज ने कहा कि भक्ति, आस्था एवं धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि सावन मास में शिव आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस मौके पर शिव भक्तों ने भोले बाबा के दिव्य दर्शन कर अपने जीवन को कृतार्थ किया एवं मंदिर की सेवादार प्रवीण देवा जी ने सभी भक्तजनों को इस आयोजन की हार्दिक बधाई दीं। अंत में आई हुई संगत में प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर केतन बजाज,जतिंदर शर्मा,नरेश बजाज,शौर्य,महेश,पंकज मेहता,मुनीश,केछी ,अमृत कालिया,अनिल गोला,लतिका बजाज,गीता बजाज,निवेदिता,भावना शर्मा,अंजू,निशा,कायना,अभिषेक,लक्षिता सहित अन्य भक्तजन भी मौजूद रहे।