

जालंधर : भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में स्थानीय होटल में आयोजित एक प्रभावशाली कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके तथा पिछले साढ़े चार वर्षों से नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज रहे वरिष्ठ नेता दिनेश ढल अपने परिवार और समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उनके साथ अमित ढल, अनिल ढल, रोहित ढल, पंकज ढल, पार्थ ढल, नवदीप मदान नेड्डी, ऋषि वर्मा, पुनीत वडेरा और करण कोछड़ ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
इस अवसर पर भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब में राजनीतिक बदलाव की मजबूत लहर चल रही है और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एवं नेता स्वयं अपनी पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से निराश होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को एक अवसर दिया था, लेकिन आज राज्य में कानून-व्यवस्था, नशे, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जबकि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में असफल रही है। यही कारण है कि प्रदेश के हर वर्ग का विश्वास भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया के मार्गदर्शन और संगठन की मजबूती के बल पर भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।उन्होंने कहा कि नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक कृष्ण देव भंडारी का लंबा राजनीतिक अनुभव और दिनेश ढल की क्षेत्र में मजबूत पकड़ भाजपा को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। दोनों नेताओं की जुगलबंदी नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को अभूतपूर्व मजबूती देगी और आने वाले चुनावों में भाजपा जीत का परचम फहराएगी।
ढिल्लों ने कहा कि आज का यह शामिलीकरण केवल कुछ नेताओं का भाजपा में आना नहीं, बल्कि पंजाब की बदलती राजनीतिक सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी और अन्य दलों के अनेक प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होंगे क्योंकि जनता और राजनीतिक कार्यकर्ता दोनों ही भाजपा को पंजाब के भविष्य के रूप में देख रहे हैं।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश बाघा, पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव कृष्ण देव भंडारी, भाजपा जिला जालंधर के पूर्व अध्यक्ष सुशील शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा शीतल अंगुराल, जिला सचिव अमित भाटिया, अमित तनेजा, जिला महामंत्री राजेश कपूर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।