

जालंधर : अमृतसर में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर मुस्लिम संगठन पंजाब का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला और परिवार की मौजूदा स्थिति तथा उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को भरोसा दिलाया कि संगठन इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।
मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि बच्ची के साथ हुई घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। संगठन की ओर से पीड़ित परिवार को कानूनी प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि परिवार को न्याय पाने के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एडवोकेट नईम खान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पीड़ित परिवार की आवाज को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उन्हें उपलब्ध कानूनी अधिकारों के तहत सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मामले की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर परिवार की ओर से कानूनी सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। परिवार ने घटना के बाद सामने आ रही परेशानियों और अपनी चिंताओं के बारे में प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी। संगठन के पदाधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं और न्याय की प्रक्रिया में उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मुस्लिम संगठन पंजाब के जनरल सेक्रेटरी मजहर आलम ने कहा कि समाज के कमजोर और पीड़ित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी उनकी बात रखी जाएगी।
इस मौके पर मुस्लिम संगठन पंजाब के सदस्य सरफराज खान, रियाजुद्दीन राजू, मोहम्मद नाजिम तथा मुस्लिम संगठन अमृतसर के जिला जनरल सेक्रेटरी बबलू मंडल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।