

जालंधर : गोल्डन ईगल स्टडी अवेयरनेस ऑफ हेल्थ एंड इमिग्रेशन की ओर से देवी सहाय सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल, इंडस्ट्रियल एरिया जालंधर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अचानक हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपायों एवं CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
गोल्डन ईगल स्टडी अवेयरनेस ऑफ हेल्थ एंड इमिग्रेशन की मैनेजिंग डायरेक्टर सुबूकता संधू ने छात्राओं को समझाया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत मेडिकल सहायता लेना और सही प्राथमिक उपचार की जानकारी होना बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान छात्राओं को डमी पर CPR की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी गई, ताकि वे जरूरत पड़ने पर पीड़ित व्यक्ति की मदद कर सकें।
कार्यक्रम में अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं पार्षद श्री अश्वनी अग्रवाल भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा आपात परिस्थितियों में सही जानकारी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल एकता अरोड़ा, वाइस प्रिंसिपल रविंदर कौर, गोल्डन ईगल स्टडी की स्टाफ सदस्य नरिंदर कौर एवं हरदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के साथ-साथ आपात स्थिति में जीवन बचाने वाली प्राथमिक तकनीकों की जानकारी देना रहा।