

जालंधर : पुलिस कमिश्नरेट ने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) के 2 सदस्यों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुछ दिन पहले रेड क्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान-समर्थक नारे (ग्राफिटी) लिखने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी देते हुए पता चला कि 29 सितंबर 2026 को रेड क्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान-समर्थक नारे लिखे हुए पाए गए थे। जिसके बाद गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो भी वायरल किया था। पुलिस कमिशनर सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की और डीसीपी सिटी आदित्य वॉरियर तथा डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की देखरेख में जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने दोनों संदिग्धों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लोगों की पहचान सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह निवासी गांव निहालुवाल के रूप में हुई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट आदि के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस टीमों ने अपराध के दौरान दोनों द्वारा इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि 14 और 15 सितंबर 2026 की रात को उन्होंने होशियारपुर के चब्बेवाल के पास बारियन कलां गांव में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाया था। इस मामले में, चब्बेवाल पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 के तहत FIR नंबर 130 (तारीख 15.09.2026) पहले ही दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा, जालंधर के पुलिस डिवीज़न नंबर 6 में BNS की धाराओं 147, 152, 196, 61(2) और IT एक्ट की धारा 66F के तहत FIR नंबर 301 (तारीख 29.09.2026) भी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा ताकि पुलिस रिमांड ली जा सके और इस साज़िश से जुड़े पिछले और आगे के कनेक्शन का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल अन्य साथियों की पहचान की जा सके।