

जालंधरः शहर में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने देर रात अचानक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने CIA स्टाफ का औचक निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने भगवान वाल्मीकि चौक सहित शहर के विभिन्न नाकों पर पहुंचकर पुलिस की तैनाती, मुस्तैदी और सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से तलाशी लेने तथा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सीपी ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सतर्कता और निवारक कार्रवाई बेहद जरूरी है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से निभाएं तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरवासियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए रात के समय भी सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।