


जालंधर : अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई सहायता योजना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सफल नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। अग्रवाल ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का फैसला महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा और वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में और अधिक सक्षम बनेंगी।उन्होंने बताया कि यह राशि मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना के तहत सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे उन्हें बिना किसी परेशानी के आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। यह योजना महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना समाज और राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। पंजाब सरकार की यह पहल महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक मजबूती भी प्रदान करेगी।चेयरमैन अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इस तरह की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की महिलाओं को बड़ा लाभ मिलेगा और वे समाज में और अधिक सशक्त भूमिका निभा सकेंगी।

