

जालंधर सेंट्रल मंडल-5 के अंतर्गत स्थित लद्धेवाली में जरनैल हरि सिंह नलुआ स्पोर्ट्स क्लब द्वारा प्रथम फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों ने कड़ी मेहनत एवं समर्पण के साथ स्टेडियम का नवीनीकरण कर उसे टूर्नामेंट के योग्य बनाया, जिसके लिए क्षेत्रवासियों द्वारा क्लब की सराहना की जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा नेता एवं वार्ड नंबर-6 से गुरविंदर मुल्तानी ने विशेष सहयोग प्रदान करते हुए टूर्नामेंट हेतु फ्लड लाइट्स स्पॉन्सर कीं तथा आयोजन समिति एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनके सहयोग से यह टूर्नामेंट और भी सफल एवं आकर्षक बन पाया।
इसी क्रम में हरि सिंह नलुआ स्पोर्ट्स क्लब की टीम द्वारा भाजपा जालंधर सेंट्रल से पूर्व विधायक एवं पंजाब के पूर्व मंत्री श्री मनोरंजन कालिया , वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मनोज अग्रवाल, भाजपा जालंधर सेंट्रल मंडल अध्यक्ष श्री चंदन रखेजा, श्री गुरविंद्र मुल्तानी तथा श्री जे.पी पाण्डेय को मुख्य अतिथि के रूप में विशेष सम्मान हेतु आमंत्रित किया गया।
टूर्नामेंट के फाइनल दिवस पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इस सफल आयोजन के लिए विशेष बधाई दी। उन्होंने विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए अन्य सभी टीमों को भी आगामी वर्षों में और बेहतर प्रदर्शन कर जीत हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान नेताओं ने युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने तथा खेलों के प्रति समर्पित होकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन समाज में भाईचारे, अनुशासन एवं युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद किया गया।