

जालंधर : देश के गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर दौरे से कुछ घंटे पहले शहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब धमकी भरे ई-मेल सामने आने की बात कही जा रही है। इन ई-मेल के जरिए गृह मंत्री अमित शाह को बम से उड़ाने की धमकी देने के साथ-साथ जालंधर के कैम्ब्रिज स्कूल सहित कई स्कूलों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दिए जाने का दावा किया गया है।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे संदेश में यह तक लिखा गया कि अमित शाह की रैली वाली स्टेज के नीचे बम हो सकता है। इसके अलावा बस में बम होने और मंदिर जाने वाले रास्ते में बम बिछाए जाने जैसी धमकियां भी दी गई हैं। इन धमकियों के सामने आने के बाद स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और अध्यापकों में भी डर का माहौल बताया जा रहा है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि गृह मंत्री के दौरे को लेकर जालंधर में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की ओर से लगातार रिहर्सल और चेकिंग की जा रही है। इसके बावजूद शहर में धमकी भरे ई-मेल सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।