

जालंधर : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों आज डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे, जहां उन्होंने नतमस्तक होकर पद्म श्री संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने संत निरंजन दास जी से विशेष मुलाकात कर उन्हें पद्म श्री सम्मान प्राप्त होने पर हार्दिक बधाई दी तथा पंजाब की खुशहाली और चढ़दी कला के लिए आशीर्वाद लिया।इस दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने 108 संत श्री सरवण दास जी की प्रतिमा के समक्ष भी माथा टेका और श्रद्धांजलि अर्पित की।
मीडिया से बातचीत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज को सही दिशा देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि संतों के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब में मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी और सरकार बनाएगी।
ढिल्लों ने कहा कि गरीब, वंचित और दलित वर्ग की सेवा भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल से समाज हित और जनकल्याण के लिए जो भी मार्गदर्शन मिलेगा, भाजपा उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करने का प्रयास करेगी।इस अवसर पर भाजपा नेता अविनाश चंद्र क्लेर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पूर्व पंजाब अध्यक्ष विजय सांपला, एस. आर. लद्धड़, राजेश बाघा, सुशील रिंकू, शीतल अंगुराल, इंद्र इकबाल अटवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।