

जालंधर : नॉर्थ से कांग्रेस विधायक बावा हेनरी की अध्यक्षता में लंबा पिंड चौक पर कांग्रेस पार्टी की ओर से विशाल धरना लगाया गया। धरने में कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान शहर और विधानसभा क्षेत्र में लोगों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर पंजाब सरकार और जालंधर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों और सड़कों की खस्ता हालत का मुद्दा उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई इलाकों में लोगों को लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
विधायक बावा हेनरी ने कहा कि लोगों की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार और नगर निगम की ओर से इन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि सीवरेज की समस्या के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इसके अलावा शहर की कई सड़कें खस्ताहाल हैं, जिससे आम लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं भाजपा के केंद्रिय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर में कल होने वाली रैली पर विधायक ने कहा कि चुनाव के समय में आकर ऐसी रैलियां करने का क्या फायदा। क्योंकि पंजाब में नशे का सबसे बड़ा नेक्सस है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन भी इसमें शामिल है। नशा एक ऐसा मुद्दा है, जिस पर सियासत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी रैलियां करने का कोई भी फायदा नहीं है अगर नशा रोकना है तो ग्राउंड लेवल जाकर नेक्सस को तोड़कर रोका जा सकता है।