

जालंधर : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा सांई दास स्कूल ग्राउंड, पटेल चौक में आगामी 22 नवंबर से 28 नवंबर तक श्री राम कथामृत का भव्य आध्यात्मिक आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात 9 बजे तक होगा।
इसी संबंध में स्वामी सचितानन्द जी ने अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल के कार्यालय पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण पत्र भेंट किया। इस दौरान स्वामी सचितानन्द जी ने श्री राम कथामृत के आयोजन एवं तैयारियों के संबंध में जानकारी साझा की तथा अश्वनी अग्रवाल से इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर प्रभु श्री राम की कथा का श्रवण करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि श्री राम कथामृत जैसे पावन आध्यात्मिक आयोजन समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। प्रभु श्री राम की कथा का श्रवण व्यक्ति को सत्य, मर्यादा, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करना चाहिए।
अश्वनी अग्रवाल ने स्वामी सचितानन्द जी एवं दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान का निमंत्रण देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम का जीवन मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्य का संदेश देता है। श्री राम कथामृत जैसे आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन आयोजनों में परिवार सहित शामिल होकर कथा का श्रवण करना आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
अग्रवाल ने 22 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली श्री राम कथामृत के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए सभी श्रद्धालुओं से इस पावन कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।