
जालंधर : भारतीय राजनीति में शुक्रवार का दिन आम आदमी पार्टी के लिए किसी काले अध्याय से कम नहीं रहा। पार्टी के युवा चेहरे राघव चड्डा ने पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया है। उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल जैसे दिग्गजों ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया।चड्डा ने यह भी दावा किया है कि 10 में से 7 सांसद उनके साथ हैं, जो तकनीकी रूप से दल-बदल कानून से बचने के लिए काफी है। यानी राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुनबे का पूरी तरह बिखर जाना तय है. यह घटनाक्रम AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बनकर आया है। उनके लिए अब पार्टी का वजूद बचाना भी मुश्किल हो गया है।राघव चड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो कहा, उसने पार्टी की नैतिकता की जड़ों को हिलाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को 15 साल तक खून-पसीने से सींचा, वह अब अपने मूल मार्ग से भटक गई है चड्डा का यह कहना कि AAP अब देशहित के बजाय निजी फायदों के लिए काम कर रही है, सीधे तौर पर केजरीवाल के नेतृत्व पर हमला है। उन्होंने खुद को ‘गलत पार्टी में सही व्यक्ति’ बताया, जो यह संकेत देता है कि पार्टी के भीतर लंबे समय से सब कुछ ठीक नहीं था। चड्डा जैसे कद्दावर नेता का यह बयान उन लाखों कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ सकता है, जो ईमानदारी के नाम पर पार्टी से जुड़े थे।संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी का चाणक्य कहा जाता था। पंजाब की शानदार जीत और पार्टी को नेशनल स्टेटस दिलाने में उनका सबसे बड़ा हाथ रहा है। पाठक ने कहा कि वह एक किसान परिवार से आते हैं और देश के लिए कुछ सार्थक करना चाहते थे, लेकिन अब AAP में वह माहौल नहीं रहा. पाठक का जाना संगठन के ढांचे के लिए एक बड़ा झटका है। केजरीवाल के पास अब ऐसा कोई नेता नहीं बचा है जो चुनाव प्रबंधन और बूथ लेवल तक कार्यकर्ताओं को एकजुट रख सके. संगठन के स्तर पर आई यह शून्यता आने वाले चुनावों में पार्टी को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।